विधानसभा घेराव में शामिल होंगे बस्तर के भी सैकड़ों शिक्षक
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला शाखा बस्तर की जिला स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले के समस्त सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक 15 जुलाई को रायपुर के तूता मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय विशाल धरना प्रदर्शन एवं विधानसभा घेराव आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
फेडरेशन के जिला अध्यक्ष देवराज खूंटे ने बताया कि 6 जुलाई को संगठन के प्रतिनिधि मंडल एवं शासन के बीच हुई वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। इसके चलते प्रदेशभर के शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त है। इसी के विरोध में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बस्तर जिले से बड़ी संख्या में शिक्षक रायपुर पहुंचकर अपनी न्यायोचित मांगों के समर्थन में आंदोलन करेंगे। संगठन की प्रमुख मांगों में सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जाए, पदोन्नति में वरिष्ठता का पालन करते हुए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जाए तथा टीईटी संबंधी समय सीमा 30 अगस्त 2028 तक सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा सेवा सुरक्षा के लिए विभागीय टीईटी परीक्षा शीघ्र आयोजित करने, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना कर सभी पूर्व सेवा लाभ प्रदान करने, एकल शिक्षकीय शालाओं में अतिरिक्त शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था करने, वीएसके एप की तकनीकी एवं नेटवर्क संबंधी समस्याओं के समाधान तक इसके आधार पर किसी भी शिक्षक का वेतन न काटने, युक्तियुक्तकरण के अंतर्गत मर्ज हुई प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठकों को शाला प्रबंधन समिति में कोषाध्यक्ष बनाने और लंबित महंगाई भत्ता एवं उसके एरियर्स का शीघ्र भुगतान करने की भी मांगें प्रमुख हैं। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि यदि शासन द्वारा शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन आगामी चरण में विधानसभा घेराव के साथ आवश्यकतानुसार उग्र एवं अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी शासन, प्रशासन की होगी।
सभी शिक्षक पहुंचें रायपुर: खुंटे
बैठक जिला अध्यक्ष देवराज खुंटे ने बस्तर संभाग और बस्तर जिले के सभी शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में 15 जुलाई को रायपुर पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में जिला अध्यक्ष देवराज खूंटे, जिला सचिव गणेश्वर नायक, जिला कोषाध्यक्ष एसएस जॉन, जिला संरक्षक सामूराम मौर्य, प्रांतीय संयुक्त सचिव दुर्गा वर्मा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण सिदार, जिला प्रवक्ता अलोक चौबे, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश नेताम, ब्लॉक अध्यक्ष कौशिल्या शोरी, महताब सिंह बघेल, कमलसाय कश्यप, अधीन शोरी, ब्लॉक पदाधिकारी नवीन देवांगन, सतीश बैगा, महिला जिला प्रकोष्ठ यास्मीन श्रीवास्तव, सुमन बघेल, मनोरमा नेताम एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
