कांग्रेस का राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर तीखा विरोध
बीजापुर :- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सोमवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन और नारे लिखी तख्तियाँ लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने प्रदर्शन के दौरान कहा, “भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के लोग अपनी राजनीतिक लाभ के लिए पहले भगवान श्री राम के नाम पर देश के करोड़ों लोगों का वोट लिया। अब देश के करोड़ों हिंदुओं की भावना और विश्वास को तोड़ते हुए भाजपा और आरएसएस के लोग भगवान श्री राम के मंदिर से ही चढ़ावा चोरी कर रहे हैं। यही भाजपा और आरएसएस की कथनी और करनी है।”
राठौर ने आगे कहा कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर जनता से भावनात्मक अपील कर वोट बटोरने वाली भाजपा अब मंदिर की पवित्र निधि में अनियमितताएं कर हिंदू समाज की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय हिंदू समाज के कई लोग शामिल हुए।
