15 जुलाई को राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव में हल्बी नुक्कड़ नाटक “आमचो माटी, वंदे मातरम्” की होगी प्रस्तुति
जगदलपुर। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने तथा महाकवि कालिदास जयंती के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी संस्थान संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव–2026 के अंतर्गत 15 जुलाई 2026 को शाम 6:00 बजे जगदलपुर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर आमचो माटी सांस्कृतिक संस्था, जगदलपुर द्वारा हल्बी भाषा में लगभग 30 मिनट की अवधि का नुक्कड़ नाटक “आमचो माटी, वंदे मातरम्” प्रस्तुत किया जाएगा। नाटक का निर्देशन वेदांत झा द्वारा किया गया है।
यह नाटक बस्तर की माटी, जनजातीय संस्कृति, मातृभूमि के प्रति समर्पण तथा स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायी गाथा पर आधारित है। इसमें विशेष रूप से बस्तर के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह, आदिवासी वीरों के संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की भावना को हल्बी भाषा एवं लोकशैली के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से मंचित किया जाएगा।
इस प्रस्तुति की विशेषता यह है कि नाटक में अभिनय करने वाले अधिकांश कलाकार बस्तर अंचल के जनजातीय समुदायों से हैं और वर्तमान में स्कूली शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। स्थानीय भाषा, लोकसंस्कृति और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच से जोड़ने की दिशा में यह प्रस्तुति एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकसित भारत फोर्थ कॉलम (VBFC वेलफेयर फाउंडेशन) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा, जिससे देशभर के दर्शक इस विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।
आमचो माटी सांस्कृतिक संस्था ने जिले के जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, रंगकर्मियों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
