कबीरधाम पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों को साइबर अपराधों, बाल अधिकारों, गुड टच-बैड टच, नशामुक्ति एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक।
कवर्धा,,,कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले के स्कूली विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, बाल सुरक्षा, नशामुक्ति एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए समय समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अशोका पब्लिक स्कूल, जिला कबीरधाम के वार्षिक खेलकूद आयोजन के अवसर पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/साइबर श्री प्रशांत देवांगन द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं विभिन्न जागरूकता संबंधी विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी जानकारी एवं व्यक्तिगत फोटो किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग एवं साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। किसी भी प्रकार की साइबर प्रताड़ना अथवा संदिग्ध गतिविधि होने पर बिना डर एवं संकोच के अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई।
बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों के संबंध में विद्यार्थियों को शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा एवं शोषण से संरक्षण के अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही गुड टच-बैड टच की पहचान, अपने शरीर की व्यक्तिगत सीमाओं को समझने तथा किसी भी असहज स्पर्श या अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत विरोध कर अभिभावकों अथवा विश्वसनीय शिक्षकों को बताने के लिए प्रेरित किया गया। बाल श्रम, बाल विवाह एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को अवैध मादक पदार्थों एवं नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और गलत संगति से बचने की समझाइश दी गई। यातायात नियमों के पालन के संबंध में परिजनों को जानकारी देने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा निर्धारित आयु पूर्ण होने एवं वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर कबीरधाम पुलिस के अधिकारी एवं जवान, अशोका पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल, डायरेक्टर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कबीरधाम पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक बनाने, बाल अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति सजग करने तथा नशामुक्ति एवं यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले के शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय समय पर आयोजित किए जा रहे हैं।
