भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा में चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच पेराई सत्र 2026–27 का शुभारंभ, गन्ना उत्पादक किसानों में उत्साह

कवर्धा,,,16 नवंबर 2026। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा पेराई सत्र 2026–27 के दौरान कारखाना परिसर में आने वाले अंशधारी गन्ना उत्पादक किसानों एवं श्रमिकों की सुविधा, सुरक्षा तथा गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कारखाना प्रबंधन ने किसानों की सुविधा एवं पेराई कार्य में पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं लागू की हैं। साथ ही किसानों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

सुरक्षा एवं पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था

कारखाना परिसर में किसानों, श्रमिकों एवं गन्ना परिवहन वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। इससे परिसर की गतिविधियों की निगरानी के साथ-साथ गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने में सहायता मिलेगी।

गन्ना लदे वाहनों को छोड़कर नहीं जाने की अपील

कारखाना प्रबंधन ने गन्ना लेकर आने वाले किसानों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी गन्ना लदी गाड़ियों को छोड़कर अनावश्यक रूप से कहीं न जाएं। इससे गन्ना तौल एवं आपूर्ति प्रक्रिया प्रभावित होती है तथा अन्य किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा करनी पड़ती है। व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रबंधन द्वारा निर्देशित किया गया है कि गन्ना लदी गाड़ी छोड़कर जाने की स्थिति में संबंधित वाहन को 20 अन्य गाड़ियों के बाद टोकन दिया जाएगा। किसानों से इस व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया गया है, ताकि सभी किसानों को समय पर सुविधा मिल सके।

स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त गन्ने की आपूर्ति करने का आग्रह

कारखाना प्रबंधन ने गन्ना उत्पादक किसानों से आग्रह किया है कि वे कारखाने में अगवा एवं जड़ रहित, साफ-सुथरे तथा गुणवत्तायुक्त गन्ने की ही आपूर्ति करें। स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त गन्ने से पेराई प्रक्रिया सुचारू रहती है तथा शक्कर उत्पादन की गुणवत्ता एवं रिकवरी बेहतर बनाए रखने में सहायता मिलती है।

किसानों का सहयोग कारखाने के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक

कारखाना प्रबंधन ने कहा है कि अंशधारी गन्ना उत्पादक किसानों एवं श्रमिकों के हितों का संरक्षण तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना कारखाने की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रबंधन ने समस्त किसानों एवं गन्ना परिवहनकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्थाओं एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पेराई कार्य के सुचारू संचालन में सहयोग प्रदान करें। किसानों की सुविधा, श्रमिकों का सम्मान, पारदर्शी व्यवस्था एवं निर्बाध गन्ना पेराई ही कारखाना प्रबंधन की प्रतिबद्धता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *