भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने शहीद देवेन्द्र कुमार सेठिया की प्रतिमा का अनावरण किया

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने शनिवार को बस्तर जिले के ग्राम धोबीगुड़ा (पो.आसना) के प्रायमरी स्कूल के प्रांगण में माओवादी बारुदी विस्फोट में शहीद देवेन्द्र कुमार सेठिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि की आसंदी से अपने सम्बोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि देवेन्द्र कुमार की शहादत बस्तर के नवजवानों को माओवाद के खात्मे के लिए सतत प्रेरित करती रही है। सेठिया-परिवार द्वारा प्रतिमा स्थापित किए जाने की पहल का स्वागत करते हुए श्री देव ने कहा कि यह प्रतिमा हमें सतत नक्सलमुक्त बस्तर और यहाँ सुख-शांति व सर्वतोमुखी विकास के लिए प्रेरित करती रहेगी। देवेन्द्र कुमार और उन जैसे असंख्य जवानों की शहादत ने शांत छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया है।

विदित रहे, 8 नवम्बर 1992 को धोबीगुड़ा में जन्मे देवेन्द्र कुमार (आत्मज : स्व. महेशराम व श्रीमती दयमती सेठिया) केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल में 12 सितम्बर 2013 को सिपाही/जीडी के पद पर ग्रुप केन्द्र बिलासपुर में भर्ती हुए थे तथा प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत क्रमशः 222/175 एवं 196 बटालियन में तैनात रहे। बीजापुर जिले के ऊसूर थानान्तर्गत गलगम क्षेत्र में मओवादियों द्वारा किए गए आई.ई.डी विस्फोट में 19 अप्रैल 2024 को शहीद हो गए। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए परिजनों की ओर से उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है जिसका अनावरण उनकी जन्मतिथि पर 8 नवम्बर 2025 को किया गया।

इस अवसर पर बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल शहीद की माता श्रीमती दयमती सेठिया, बहन पिंकी सेठिया, भाई योगेन्द्र सेठिया, एस. अरुण कुमार डीआईजी रेंज जगदलपुर, एन.के. सिंह डीआईजी सीआरपीएफ, जितेंद्र कुमार, शलभ कुमार सिन्हा, जनपद अध्यक्ष सोनवारी भद्रे, उपाध्यक्ष तरुण पांडे, मण्डल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, पूर्व मण्डल अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप, गजानंद दास व सरपंच संतोष कश्यप सहित ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *