मॉडल यूथ ग्राम सभा में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की भेंट, दी शुभकामनाएं
रायपुर :- छत्तीसगढ़ राज्य के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि गरियाबंद जिले के जनपद पंचायत छुरा के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों से भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर के आठ सौ से अधिक विद्यालयों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करना छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और लोकतांत्रिक सोच का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ युवाओं को ग्राम स्वराज, सहभागिता और उत्तरदायित्व की भावना से जोड़ती हैं।
उन्होंने इस सफलता को छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था में लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कोसमबुड़ा के विद्यार्थियों ने ग्रामीण समस्याओं की गहन समझ तथा उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर यह सिद्ध किया है कि राज्य के युवा भविष्य के सक्षम नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय, जनजातीय कार्य मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सहयोग से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा मॉडल ग्राम सभा का आयोजन कर स्थानीय समस्याओं की पहचान एवं उनके समाधान प्रस्तुत किए गए। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा की टीम ने ग्रामीण विकास एवं निर्णय प्रक्रिया की उत्कृष्ट समझ का प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय को प्रशस्ति पत्र के साथ एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि संस्थान के विकास हेतु प्रदान की गई है। यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का विषय है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव सुश्री निहारिका बारिक, संचालक पंचायत विभाग सुश्री प्रियंका महोबिया ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलाकंत यादव एवं सभी बच्चों को बधाइयां दीं।
