प्रधान पाठक सुसाइड केस में ठेकेदार गिरफ्तार



जगदलपुर। 22 अप्रैल को बीजापुर जिले की प्राथमिक शाला पालनार के चेरपाल निवासी प्रधान पाठक राजू पुजारी द्वारा ग्राम चेरपाल क्षेत्र के जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। इस मामले में स्कूल भवन का निर्माण करा रहे ठेकेदार देवाशीष मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शव के पंचनामा के दौरान पुलिस को मृतक के पास से हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला था। प्रारंभिक जांच में यह मामला शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से शाला भवन निर्माण कार्य जो ठेकेदार देवाशीष मंडल द्वारा कराया जा रहा था, के भुगतान से जुड़ा पाया गया। भवन निर्माण की लागत राशि में से लगभग 40 प्रतिशत राशि का भुगतान हो चुका था। शेष भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई थी। जांच में पाया गया कि मृतक लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था तथा निर्माण कार्य के भुगतान हेतु कुछ व्यक्तियों द्वारा दबाव डालकर गलत कार्य कराने एवं फंसाने की आशंका से भयभीत था। अब तक की जांच में पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं गवाहों के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या के दुष्प्रेरणा के अपराध की पुष्टि हुई है। प्रकरण में सभी पहलुओं की सूक्ष्मता से विवेचना की जा रही है।पुलिस ने एफआईआर पंजीबद्ध कर अपराध की पुष्टि के बाद फरार चल रहे आरोपी ठेकेदार देवाशीष मंडल पिता निरांद मंडल, उम्र 36 वर्ष, निवासी डारापारा बीजापुर को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रकरण में और साक्ष्य पुलिस द्वारा जुटाए जा रहे हैं। साक्ष्य मिलने अनुसार प्रकरण में आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *