मोबाइल से चल रहा था लाखों का सट्टा साम्राज्य, रायपुर में मास्टर पैनल ऑपरेटर गिरफ्तार
रायपुर :- ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का ऐसा काला खेल चल रहा था जहां मोबाइल की स्क्रीन के पीछे बैठकर रोज लाखों रुपये का अवैध कारोबार ऑपरेट किया जा रहा था, लेकिन कबीर नगर पुलिस की टेक्निकल जांच ने आखिरकार पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पहले ऑनलाइन सट्टा चला रहे आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था जिनके कब्जे से 4 लाख 97 हजार रुपये नगद और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। शुरुआत में मामला सिर्फ ऑनलाइन बेटिंग तक सीमित दिख रहा था लेकिन मोबाइल के फोरेंसिक विश्लेषण और पूछताछ में ऐसा खुलासा हुआ जिसने पुलिस को सीधे बड़े सट्टा सिंडिकेट तक पहुंचा दिया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी रायपुर के मास्टर पैनल ऑपरेटर लोकेश अग्रवाल से सट्टा आईडी लेकर काम कर रहे थे और उसी के नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था। इसके बाद थाना कबीर नगर पुलिस ने टेक्निकल इंटेलिजेंस, लोकेशन ट्रैकिंग और लगातार निगरानी के बाद फरार आरोपी लोकेश अग्रवाल पिता स्वर्गीय तुलसी प्रसाद अग्रवाल उम्र 31 वर्ष निवासी रामसागरपारा रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो स्मार्टफोन जब्त किए जिनमें कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी “allpanal777.now” सहित कई ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट्स का मास्टर पैनल चला रहा था और साथ ही सट्टा मटका भी ऑपरेट कर रहा था। रायपुर समेत आसपास के जिलों में उसका बड़ा नेटवर्क फैला हुआ था जहां हर दिन लाखों रुपये का अवैध लेनदेन हो रहा था। पुलिस अब बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल और डिजिटल नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। पुलिस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब ऑनलाइन सट्टे का डिजिटल खेल भी पुलिस की नजरों से बच नहीं पाएगा और मोबाइल के पीछे बैठकर करोड़ों का नेटवर्क चलाने वालों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
