जनसेवा का संवेदनशील चेहरा: नवपदस्थ कलेक्टर विश्वदीप ने जिला चिकित्सालय का किया प्रथम निरीक्षण

बीजापुर :- कलेक्टर  विश्वदीप ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर की सहज एवं संवेदनशील कार्यशैली से मरीजों और उनके परिजनों में विश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर  विश्वदीप ने पोषण पुनर्वास केंद्र पहुंचकर भर्ती बच्चों के परिजनों से चर्चा की। उन्होंने बच्चों के उचित पोषण, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को समझाते हुए आवश्यक सलाह दी। इस दौरान उन्होंने कुपोषण मुक्ति की दिशा में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, प्रयोगशाला, ब्लड बैंक एवं संपूर्ण परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्थाओं एवं संचालित सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

संवेदनशील पहल: गंभीर बीमार किशोर को मिली आर्थिक सहायता

निरीक्षण के दौरान डायलिसिस यूनिट में भर्ती 15 वर्षीय मरीज आकाश झाड़ी, निवासी आवापल्ली, से कलेक्टर ने मुलाकात की। आकाश विगत डेढ़ वर्ष से किडनी संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और नियमित डायलिसिस उपचार प्राप्त कर रहे हैं। मरीज की माता द्वारा उपचार एवं आवागमन में होने वाले आर्थिक व्यय के संबंध में आर्थिक कठिनाइयों से अवगत कराएं जाने पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित संवेदनशील पहल की। उन्होंने जिला रेडक्रॉस समिति के माध्यम से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर मरीज की माता को चेक प्रदान किया। इस मानवीय पहल की अस्पताल परिसर में व्यापक सराहना हुई।

ओपीडी का निरीक्षण, स्वयं कराया नेत्र परीक्षण

कलेक्टर ने ओपीडी में पहुंचकर मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नेत्र ओपीडी में स्वयं अपना नेत्र परीक्षण भी कराया, जिससे स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश गया।

ब्लड बैंक में किया रक्तदान, दिया प्रेरणादायक संदेश

प्रयोगशाला निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पैथोलॉजिस्ट से विभिन्न जांच सुविधाओं एवं परीक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं ब्लड बैंक के निरीक्षण के समय उन्होंने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वयं रक्तदान किया। उनके इस कदम ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजनों को रक्तदान के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  नम्रता चौबे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला चिकित्सालय में कलेक्टर के इस सक्रिय एवं संवेदनशील निरीक्षण को आमजन हितैषी प्रशासन की सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *