बस्तर ब्लॉक के प्रायमरी स्कूलों में डिजीटल एजुकेशन का शुभारंभ
जगदलपुर। विकासखंड बस्तर में खंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानपुरी के परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य विभाग के मंत्री केदार कश्यप थे। विशेष अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल थे।
इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, आरती उतारकर एवं मुंह मीठा कराते हुए आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों को पुष्प भेंट कर विद्यालय परिवार में उनका अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।पालकों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की ग्रामीण मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विकासखंड बस्तर के मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

डिजीटल शिक्षा की पहल
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड बस्तर की प्राथमिक शालाओं में स्मार्ट टीवी के माध्यम से डिजीटल शिक्षण की अभिनव पहल का शुभारंभ मंत्री एवं सांसद द्वारा किया गया। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि विकासखंड के अनेक शिक्षकों ने अपने स्वयं के प्रयासों से विद्यालयों के लिए स्मार्ट टीवी क्रय कर आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण की दिशा में उल्लेखनीय पहल की है। इस नवाचार की उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस दौरान ग्राम पंचायत बनियागांव में 112.80 लाख रुपए की लागत से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया। इस नवीन भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे। अपने उद्बोधन में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ तकनीक का समुचित उपयोग बहुत जरूरी है। विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग कर अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपने माता-पिता, विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने शिक्षकों से भी आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उनकी प्रतिभा को पहचानने, निखारने और सही दिशा देने की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों में अपार क्षमता और असीम संभावनाएँ विद्यमान हैं। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं अवसर मिले तो वे प्रदेश और देश स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
न्योता भोज का आयोजन
कार्यक्रम के अंत में विभागीय जानकारी प्रदान कर आभार प्रदर्शन सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील तिवारी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन के सफल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं समस्त कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से शाला प्रवेशोत्सव सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम के समापन के पश्चात न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एकसाथ बैठकर खीर-पुड़ी का आनंद लिया।
