बीजापुर भाजपा की मासिक बैठक सम्पन्न, नमो ऐप और सोशल मीडिया प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को मिली नई दिशा

बीजापुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय अटल सदन, बीजापुर में शुक्रवार को जिला स्तरीय मासिक बैठक एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म प्रशिक्षण सत्र का भव्य आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने की।

बैठक के प्रथम सत्र में विगत माह में संपन्न संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। विभिन्न मंडलों एवं मोर्चों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।

द्वितीय सत्र में कार्यकर्ताओं को नमो ऐप, सरल ऐप एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठन की गतिविधियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

भाजपा जिला प्रभारी दीपेश अरोरा ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए समयबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन पर निर्भर करती है।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने कहा कि संगठन की रीति-नीति और विचारधारा को आत्मसात करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

बैठक में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर, जिला महामंत्री फुलचंद गागड़ा, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पटेल, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जागर लक्ष्मैया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उर्मिला तोकल, मंडल अध्यक्ष अशोक राव, तीरथ जुमार, नरसिंह रेड्डी, चिन्नाराम तेलम, लालू पोडियम सहित मंडल महामंत्री, मोर्चा-प्रकोष्ठों के संयोजक, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *