भानपुरी क्षेत्र में चोरों का तांडव, लगातार हो रही हैं चोरियां
जगदलपुर। बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं दिन बढ़ती जा रही हैं। यहां लगातार चोरियां हो रही हैं और पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।
भानपुरी नगर के चौक पर स्थित जागेश सोनी के नव्या ज्वेलर्स में 1 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने लगभग डेढ़ लाख नगद और चांदी पर हाथ साफ कर दिया। भानपुरी के रानीगुडा मार्ग पर राकेश जैन की दुकान से मोबाइल कवर, ईयर फोन, गिफ्ट सामान आदि लगभग 15 हजार रुपए का सामान पार कर दिया गया। इसी तरह हॉस्पिटल के पास स्थित तुलसी कश्यप की किराना दुकान में भी 15 हजार रुपए का सामान चोरी हो गया। बताया गया है कि चोर कुछ दिनों से रेकी कर रहे थे। और मौका पाते ही ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को उन्होंने अंजाम दे दिया। हाल ही में भानपुरी में और चार-पांच दुकानों में चोरी हुई थी जिसकी भानपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, मगर आज तक चोर पकड़ से बाहर हैं। ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि भानपुरी में चोरी की घटनाएं दिनों दिन बढ़ती जा रही हैं। पुलिस विभाग द्वारा चौक चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं, जिससे चोरों के हौसले और बुलंद हैं। पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
