कर्मचारी शर्मा की ईमानदारी ने बढ़ा दी माथुर सिने प्लेक्स की शान
दल्ली राजहरा। किसी भी व्यवसायिक संस्थान की विश्वसनीयता वहां कार्यरत कर्मचारियों की ईमानदारी और उनके अच्छे व्यवहार के दम पर बनी रहती है। माथुर सिने प्लेक्स के कर्मचारी श्री शर्मा और उनके साथियों ने ईमानदारी की ऎसी ही शानदार मिसाल पेश की है, जिसने माथुर सिने प्लेक्स के प्रति आम लोगों के भरोसे को और भी मजबूत कर दिया है।
नगर के प्रतिष्ठित माथुर परिवार के सदस्य आशुतोष माथुर अपने परिजनों के साथ माथुर सिने प्लेक्स में नाईट शो देखने गए थे। इसी दौरान उनकी जेब में रखे बीस हजार रुपए गिर गए। इस बात का अहसास आशुतोष माथुर को शो देखकर घर लौटने के बाद हुआ। उन्होंने अपनी जेब देखी तो 20 हजार रुपए गायब थे। उन्होंने घर में ढूंढा तो रुपए नहीं मिले। फिर श्री माथुर वापस सिने प्लेक्स लौटे और वहां कार्यरत कर्मचारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। सिने प्लेक्स के सारे कर्मचारी अलर्ट मोड पर आ गए। कर्मचारी श्री शर्मा और उनके साथियों ने सिने प्लेक्स के अंदर खोजबीन की तो वहां रुपए पड़े मिल गए। इसके बाद श्री शर्मा ने पूरे बीस हजार रुपए आशुतोष माथुर को लौटा दिए। कर्मचारी श्री शर्मा की ईमानदारी से आशुतोष माथुर अभिभूत हो उठे। उन्होंने श्री शर्मा और सारे कर्मचारियों की ईमानदारी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें थैंक्स कहा। इस बात का जिक्र आशुतोष माथुर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी किया है। यह घटना बताती है कि अगर कर्मचारी ईमानदार और व्यवहार कुशल हों तो संबधित संस्थान निरंतर उन्नति करता है। काम करने वाले लोगों में अगर अपने संस्थान के प्रति जिम्मेदारी हो तो वह खुद की और अपने संस्थान की बाजार में अलग पहचान बना देते हैं।
