निर्दोष पर न हो जुल्म, गुनहगार है तो दी जाए सजा: लखेश्वर कश्यप
बकावंड। सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग जिला बस्तर के अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने करपावंड ग्राम पंचायत के सरपंच से जुड़े विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। लखेश्वर कश्यप का कहना है कि कुछ समाचार माध्यमों में करपावंड ग्राम पंचायत के सरपंच के संबंध में प्रकाशित समाचार एकपक्षीय प्रतीत होता है।

सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के बस्तर जिला अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को न्यायालय द्वारा दोषी सिद्ध किए जाने से पहले अपराधी घोषित करना उचित नहीं है। हम प्रशासन एवं न्याय पालिका का सम्मान करते हुए यह मांग करते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर जांच कराई जाए। किसी भी प्रकार के राजनीतिक, प्रशासनिक अथवा व्यक्तिगत दबाव में आकर किसी आदिवासी जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। श्री कश्यप ने कहा है कि यदि सरपंच के विरुद्ध लगाए गए आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई हो, किंतु यदि किसी प्रकार की गलत जानकारी या एकपक्षीय प्रस्तुति हुई है तो उसका भी सत्य जनता के सामने लाया जाए। लखेश्वर कश्यप ने आगे कहा है कि सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग जिला बस्तर आदिवासी समाज के सम्मान, न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। हम प्रशासन से आग्रह करते हैं कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सत्य को सार्वजनिक किया जाए तथा किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न होने दिया जाए।
