मंत्री के गृह क्षेत्र के समीप कन्या आश्रम में बेटियों के हक पर सवाल श्यामकुमारी ध्रुव ने भाजपा सरकार को घेरा
भानपुरी :- विकासखंड के बेसोली स्थित कन्या आश्रम में छात्राओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं एवं भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी द्वारा गठित जांच टीम के औचक निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता, पर्याप्त मात्रा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपनी पीड़ा साझा की छात्राओं द्वारा अधीक्षिका को हटाने की मांग किए जाने की बात भी सामने आई
निरीक्षण के दौरान मौजूद छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव श्रीमती श्यामकुमारी ध्रुव ने छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भाजपा सरकार की शिक्षा एवं आदिवासी छात्रावास व्यवस्था पर सवाल खड़े किए
श्रीमती ध्रुव ने कहा कि कन्या आश्रम ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की उन बेटियों के भविष्य का आधार हैं, जो अच्छी शिक्षा प्राप्त करने की उम्मीद लेकर अपने माता-पिता और परिवार से दूर रहकर यहां पढ़ाई करती हैं लेकिन यदि इन्हीं बेटियों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल तथा रहने की बेहतर सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, तो सरकार के शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के दावों का क्या औचित्य है
उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर और चिंताजनक बात यह है कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप के गृह क्षेत्र के समीप संचालित कन्या आश्रम में इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं जब मंत्री के गृह क्षेत्र के आसपास ही छात्राओं की सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो प्रदेश के दूरस्थ और अंदरूनी आदिवासी क्षेत्रों में संचालित आश्रमों की व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है सरकार को मंचों से शिक्षा की गुणवत्ता और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की बातें करने के बजाय धरातल पर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए
अधीक्षिका श्रीमती सुलोचना दीवान को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आने और उन्हें हटाने की मांग किए जाने का उल्लेख करते हुए श्रीमती ध्रुव ने कहा कि इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है अधीक्षिका का जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान की पत्नी होना भी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय है यदि राजनीतिक नजदीकियों या रसूख के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है, तो यह प्रशासनिक निष्पक्षता के लिए गंभीर चिंता का विषय है प्रशासन को किसी भी दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए
उन्होंने आगे कहा कि बेटियों की थाली में पौष्टिक भोजन, पीने के लिए स्वच्छ पानी और रहने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना कोई एहसान नहीं, बल्कि उनका अधिकार है जब बच्चों को पर्याप्त भोजन और अच्छा वातावरण मिलेगा, तभी वे स्वस्थ रहकर पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगी आश्रमों में रहने वाली बेटियां भी किसी के परिवार की बेटियां हैं उनके भविष्य और सुविधाओं के साथ लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती
श्रीमती ध्रुव ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की कि बेसोली कन्या आश्रम की भोजन व्यवस्था, राशन की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और छात्राओं को मिलने वाली अन्य सुविधाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए छात्राओं से स्वतंत्र रूप से बातचीत कर उनकी शिकायतों का समाधान किया जाए तथा लापरवाही प्रमाणित होने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए
श्रीमती ध्रुव नें कहा कि आदिवासी बेटियों का भविष्य किसी के राजनीतिक रसूख की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसके लिए बेटियों की शिक्षा और उनका भविष्य महत्वपूर्ण है या फिर राजनीतिक पहुंच रखने वालों को संरक्षण देना गरीब परिवारों की बेटियां बेहतर शिक्षा के सपने लेकर आश्रमों में आती हैं, उनकी उम्मीदों को टूटने नहीं दिया जाएगा छात्राओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी
इस दौरान बस्तर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री जितेंद्र जैन ने भी आश्रम की अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि छात्राओं के खान-पान और उनके स्वास्थ्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा गरीब और आदिवासी परिवारों की बेटियां बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद लेकर आश्रमों में रहती हैं, लेकिन यदि उन्हें ही पर्याप्त एवं पौष्टिक भोजन और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते छात्राओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और जिम्मेदारों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी छात्राओं के साथ मिलकर NH-30 पर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि सोई हुई भाजपा सरकार और प्रशासन को जगाने के लिए अब सड़क पर उतरकर संघर्ष करना पड़े, तो कांग्रेस पार्टी पीछे नहीं हटेगी बेटियों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी
