शिक्षा अधिकारियों एवं शिक्षकों के सम्मान में विदाई समारोह कौ आयोजन
लोहंडीगुड़ा (बस्तर)। विकासखंड लोहंडीगुड़ा के संकुल केंद्र कुम्हली में सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारियों एवं शिक्षकों के सम्मान में संकुल स्तरीय विदाई समारोह का धूमधाम से आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी (बस्तर) श्री बलिराम बघेल, सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक (पूर्व माध्यमिक शाला डुरकीगुड़ा, छिदगांव) श्री मन्नूलाल ठाकुर तथा सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक (प्राथमिक शाला राउतपारा, कुम्हली) श्री खेम शंकर पाणीग्राही को भावभीनी विदाई दी गई और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को सराहा गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलिराम बघेल ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता हासिल होती है, इसलिए सभी बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएं और पूरी लगन से पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें।
सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक श्री मन्नूलाल ठाकुर ने विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों में जिज्ञासा होनी चाहिए और उन्हें कक्षा में सदैव अपने शिक्षकों से प्रश्न पूछने वाला बनना चाहिए। इस अवसर पर श्री मन्नूलाल ठाकुर ने विद्यालय के प्रति अपना विशेष लगाव और समर्पण दिखाते हुए पूर्व माध्यमिक शाला डुरकीगुड़ा (छिदगांव) को एक स्मार्ट टीवी भी भेंट किया, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।* वहीं, सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक श्री खेम शंकर पाणीग्राही ने वर्तमान और पूर्व के शैक्षणिक परिवेश की तुलना करते हुए कहा कि पहले के समय में पढ़ाई की पर्याप्त सुविधाएं नहीं थीं और न ही अभिभावक इतने जागरूक थे, परंतु आज शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं, जिसका बच्चों को पूरा लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती शोभा सिंह मेहरा एवं श्री चित्तूर सर उपस्थित रहे। साथ ही छिदगांव में पूर्व में पदस्थ रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं में श्री सदानंद बघेल, श्री भुवनेश्वर बघेल, श्री जगमोहन कश्यप, श्री गोवर्धन बघेल, श्रीमती दूधि मैम, श्रीमती ललिता बघेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास खंड शिक्षा अधिकारी (लोहंडीगुड़ा), संकुल प्राचार्य, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक, संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, अन्य कर्मचारियों तथा स्कूली बच्चों का विशेष योगदान रहा।
