ग्राम पंचायत परपा में शासकीय भूमि से हटाया गया कथित अतिक्रमण, ग्रामसभा के निर्णय के बाद हुई कार्रवाई
तोकापाल:- तोकापाल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत परपा में शुक्रवार को शासकीय भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। ग्राम पंचायत के अनुसार, नेशनल हाईवे-63 के समीप स्थित शासकीय भूमि (खसरा नंबर 307) पर एक कच्चा मकान बना हुआ था, जिसे ग्रामसभा के निर्णय के बाद हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत परपा के जनप्रतिनिधि, ग्रामसभा के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। ग्राम पंचायत का दावा है कि संबंधित भूमि पर ग्राम पंचायत बेड़ागुड़ा निवासी प्रेम प्रकाश दास, पिता हीरामन दास, जाति पनका द्वारा कब्जा किया गया था। पंचायत का यह भी कहना है कि उक्त व्यक्ति ने आबादी पट्टा प्राप्त किया था, जिसकी वैधता एवं प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त नहीं हो सका है।
ग्राम पंचायत परपा की सरपंच श्रीमती सोनमती भारती ने बताया कि शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से आपत्ति दर्ज कराई जा रही थी। शुक्रवार को ग्रामसभा की बैठक ग्रामसभा अध्यक्ष गुणधर कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से खसरा नंबर 307 से कथित अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद पंचायत स्तर पर कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना ग्रामहित में आवश्यक है और भविष्य में भी किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे का विरोध किया जाएगा।
