आयुष के स्वास्थ्य शिविर में 597 लोगों का परीक्षण



जगदलपुर संचालनालय आयुष विभाग के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से 7 सितंबर को बस्तर में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भगवान धन्वंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में 597 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। आयुष चिकित्सा पद्धति से वात, पित्त, स्त्री रोग, मधुमेह, उदर रोग और चर्म विकार सहित विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों की जांच कर उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर में 52 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया, जबकि 18 हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड स्क्रीनिंग, 7 आभा आईडी निर्माण, टीबी जांच, एक्स-रे और विभिन्न लैब जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। आयुष विभाग ने करीब 370 लोगों को निःशुल्क आयुष काढ़ा वितरित किया। महिला एवं बाल विकास, राजस्व, पशु पालन और शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शिविर में मौजूद रहे। विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाया।

विद्यार्थियों को योग प्रशिक्षण
शिविर के दौरान योग प्रशिक्षिका अनिता साहू ने 155 विद्यार्थियों को योग प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, जनपद सदस्य लक्षण मौर्य, सरपंच सुनील कश्यप, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनिश साहू, तहसीलदार चंद्रकुमार साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर प्रभारी डॉ. जितेंद्र त्रिपाठी सहित आयुष विभाग के चिकित्सकों, फार्मासिस्ट एवं औषधालय सेवकों ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के नागरिकों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष चिकित्सा, निःशुल्क दवा, नेत्र जांच, चश्मा वितरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *