छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में ऐतिहासिक पहल
कवर्धा,,,बोड़ला (कबीरधाम) छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला के अंतर्गत ग्राम पंचायत छूही में ग्रामीणों ने नशा मुक्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम उठाया है। गांव को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए समस्त ग्रामीणों की सहमति से गांव में शराब बनाने और बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नियम तोड़ने पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई
ग्रामवासियों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि अब गांव में किसी ने भी शराब बनाने या बेचने का कृत्य किया, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कड़े फैसले को लागू करवाने और प्रशासनिक सहयोग के लिए ग्रामवासियों द्वारा थाना तरेगांव (जंगल) के थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन भी सौंपा गया है।
ट्रैक्टर पर सवार महिलाओं की टोली ने गली-गली घूमकर जगाई अलख
बुधवार, 9 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत छूही, हाथीडोब और आमाकोन्हा के ग्रामीणों की एकजुटता के साथ गांव में एक विशाल जन जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान ट्रैक्टर पर सवार महिलाओं की टोली ने गांव की हर गली में घूमकर जबरदस्त उत्साह के साथ नशा मुक्ति का संदेश दिया।
रैली में शामिल ग्रामीणों और महिलाओं के हाथों में “नशा छोड़ो, घर जोड़ो”, “नशा करता है खराब, मिलकर करो इसका बहिष्कार” जैसे प्रेरणादायक तख्तियां थीं। महिलाओं और पुरुषों की इस भारी भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अब अपने समाज को नशा के आदतों से मुक्त करने के लिए पूरी तरह से एकजुट हो चुके हैं। छूही पंचायत का यह सराहनीय कदम अब आसपास के पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, अन्य गांवों के लिए एक मिसाल पेश कर रहा है।
