दिल्ली के दिल में बस्तर की कला ने बनाई पैठ



जगदलपुर। देश की राजधानी नई दिल्ली के प्रगति मैदान पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला के छत्तीसगढ़ पवेलियन में इन दिनों बस्तर की अनूठी लोक-संस्कृति और हस्तशिल्प की धूम मची हुई है। बस्तर जिले की पारंपरिक बेलमेटल कला और वेशभूषा देश-विदेश से आए दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जगदलपुर के भारत माता स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ रही है।


इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री द्वय विजय शर्मा और अरुण साव ने छत्तीसगढ़ पवेलियन स्थित बस्तर के इस स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की दीदियों से आत्मीय संवाद करते हुए उत्पादों के निर्माण की बारीकियों, लागत और बिक्री के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने दीदियों के हुनर और उद्यमशीलता की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि बस्तर की समृद्ध कला अब स्थानीय सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। उप मुख्यमंत्रियों ने भी दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से जुड़कर ग्रामीण महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में बस्तर के स्टॉल का संचालन कर रहीं महिला समूह की सदस्याएं चिलकुटी की उर्मिला सागर, आसना की कुंती मोरला और कलागुड़ी के अपल नाग ने अपने हाथों से निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है, जिसमें बेलमेटल से बने नंदी, घोड़े, देवी-देवताओं की कलात्मक मूर्तियां, पारंपरिक दीपक, सजावटी सामान तथा बस्तर के पारंपरिक वस्त्र, गमछा और आदिवासी आभूषण लोगों को खूब लुभा रहे हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों को अपने बीच पाकर समूह की दीदियां बेहद उत्साहित नजर आईं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से उन्हें पैकेजिंग, विपणन और उद्यमिता का बेहतर प्रशिक्षण मिला है, जिसकी बदौलत आज उन्हें आईआईटीएफ जैसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपने उत्पाद बेचने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस पहल से न केवल उनकी कला को नई पहचान मिली है, बल्कि उन्हें एक बड़ा बाजार और अच्छी आमदनी भी हो रही है। बस्तर की इन दीदियों की यह सफलता स्पष्ट संदेश दे रही है कि “बस्तर की कला, दीदियों के हाथ अब दिल्ली के दिल में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *