युवा इंटक की कमान नीलेश पाणिग्रही को



बचेली। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), बचेली के युवा सदस्य नीलेश पाणिग्रही को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें दंतेवाड़ा जिला युवा इंटक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश इंटक की 47वीं कार्यसमिति की बैठक में 18 नवंबर को चांपा के सनराइज क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह नियुक्ति की गई।


प्रदेश इंटक अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार सिंह ने श्री पाणिग्रही को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। डॉ. सिंह राष्ट्रीय इंटक के महासचिव भी हैं। उन्होंने नीलेश पाणिग्रही को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।नीलेश पाणिग्रही लंबे समय से मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाते रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और कार्यशैली को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें दंतेवाड़ा जिले में युवा इंटक के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी इस नियुक्ति से बचेली के श्रमिक संगठन से जुड़े युवाओं में उत्साह है। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नीलेश पाणिग्रही के नेतृत्व में जिले में युवा इंटक को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। साथ ही युवाओं एवं श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से उठाने में मदद मिलेगी। यूनियन ने डॉ. संजय कुमार सिंह सहित प्रदेश इंटक के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए नवनियुक्त जिला अध्यक्ष के सफल कार्यकाल की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *