उड़ीसा से लाया जा रहा 25 किलो गांजा जप्त
सुकमा। पुलिस की मुस्तैदी से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का प्रयास विफल हो गया। गांजा, दो वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 14 लाख 52 हजार 500 रुपए का मशरूका जप्त किया गया है।
सुकमा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने हेतु पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर आईपीएस के निर्देशन में सुकमा पुलिस द्वारा आपरेशन आगाज चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 नवंबर को सुकमा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल एवं हल्के हरे रंग की स्कूटी में गांजा लेकर उड़ीसा के मलकानगिरी की ओर से सुकमा की तरफ आ रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम द्वारा तत्काल आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए सुकमा चेक पोस्ट के पास घेराबंदी की गई। संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में रखे ट्रॉली बैग से कुल 12 पैकेट में भरा 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस द्वारा जप्ती पंचनामा तैयार कर गांजा, परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए। गिरफ्तार आरोपी
रविन्द्र सोड़ी पिता गंगा सोड़ी उम्र 19 वर्ष, निवासी कुरकुंडी थाना कालीमेला, जिला मलकानगिरी उड़ीसा है। इसके अलावा प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता पाई गई है। जिस पर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जप्तशुदा सामग्री की अनुमानित कीमत 14 लाख 52 हजार 500 रुपए आंकी गई है।मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी रविन्द्र सोड़ी को न्यायालय में पेश किया गया। प्रकरण में गांजा के स्रोत, परिवहन एवं तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की विवेचना की जा रही है।
