दूल्हा बने महाकाल ने दिए भक्तों को दिव्य दर्शन


कवर्धा:- धर्मनगरी कवर्धा में महाशिवरात्रि का पावन पर्व इस वर्ष अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। बाबा श्री महाकाल भक्त मंडल, कवर्धा के तत्वावधान में भगवान श्री महाकाल दूल्हा स्वरूप में सुसज्जित होकर हजारों श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन दिए। पूरे शहर में भक्ति, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

आयोजक समिति के सदस्य विकाश केशरी ने बताया की कार्यक्रम की शुरुआत श्री बूढ़ामहादेव मंदिर में दोपहर 2:30 बजे भगवान शिव के विधिवत महाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात भगवान श्री महाकाल की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। बारात में आकर्षक झांकियाँ, भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़े और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
महाकाल की बारात माँ महामाया मंदिर के सामने भारत माता प्रतिमा प्रांगण पहुँची, जहाँ भगवान शिव एवं माता गौरी का दिव्य विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। तत्पश्चात भगवान श्री महाकाल की भस्म आरती की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु भावविभोर होकर शामिल हुए।
इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र हरियाणा के सिरसा से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत श्री काल भैरव की अद्भुत झांकी रही, जिसने नगरवासियों का मन मोह लिया। श्री काल भैरव जी नगर भ्रमण करते हुए अघोरी, भूत-प्रेत एवं देवी-देवताओं की झांकियों के साथ बारात की शोभा बढ़ाते नजर आए। इसके अलावा बाहुबली हनुमान एवं भगवान नरसिंह जी की भव्य झांकियों ने भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।
शिव-गौरी विवाह के पावन अवसर पर भगवान शिव एवं माता पार्वती को 51 किलो के विशाल लड्डू का महाभोग अर्पित किया गया, जिसे बाद में श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया।
कार्यक्रम में कवर्धा के युवा कलाकार सोनू निर्मलकर द्वारा माँ काली को समर्पित विशेष प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
आयोजन के छठे वर्ष में कार्यक्रम को पर्यावरण संरक्षण की भावना को समर्पित किया गया। प्रतिमा निर्माण से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे समाज में प्रकृति संरक्षण का संदेश प्रसारित हुआ।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में बाबा श्री महाकाल भक्त मंडल, कवर्धा के सभी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम किया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासन, नगरवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
महाशिवरात्रि का यह पर्व त्याग, तप, संयम और प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देता है। धर्मनगरी कवर्धा में आयोजित यह भव्य महाकाल बारात आने वाले वर्षों तक श्रद्धालुओं के हृदय में आस्था और भक्ति की अमिट छाप छोड़ गई।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में बाबा श्री महाकाल भक्त मंडल, कवर्धा के सदस्य
सुधीर केशरवानी, आकाश यदु, नीरज चंद्रवंशी, निमेश चंद्रवंशी, निक्कू आमदे, अंकित देवांगन, केतुल नाग, अभिषेक आमदे, राजा झरिया, यकीन ठाकुर, रूपेश चंद्रवंशी, लेखा चंद्रवंशी, करण धर्मी, रितेश यदु, चिराग यादव, युवराज चंदेल, अविनाश गुप्ता, कन्नू सोनी, अमित धुर्वे, शुभम शर्मा, प्रशांत मिश्रा, लोकेंद्र ठाकुर, रूपेश श्रीवास,अंकित चौबे, मनीष चंद्रवंशी, सौरभ नामदेव, वेदांत शर्मा, निखिल यदु, विवेक जायसवाल, बृजेश चंद्रवंशी, अमन बर्वे, गौरांश पाल, अतुल पाण्डेय, स्वप्निल चंद्रवंशी, अनुराग साहू, अनमोल चंद्रवंशी, आनंद साहू, श्रेयांक चंद्रवंशी, तुलसी ठाकुर, अक्षय केशरी, रोहन शर्मा, सहित अनेक कार्यकर्ता दिन-रात जुटे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *