महेश गागड़ा के सौजन्य से पालनार में मल्लामुयतोर देवी व्हॉलीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न, गंगालूर बनी विजेता

बीजापुर। ग्राम पालनार में मल्लामुयतोर देवी व्हॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन पूर्व मंत्री एवं व्हॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश गागड़ा के मार्गदर्शन में किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में क्षेत्रभर की कुल 14 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा के बी गौतम राव द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में छात्रावास चेरपाल, पालनार, तोड़का, पेडकोडेपाल, जारगोया, पुसनार, संतोषपुर (ए), गंगालूर (ए), पोंजेर, पड़ेदा, संतोषपुर (बी), गंगालूर (बी), बुरजी एवं मल्लामुयतोर की टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दो दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद गंगालूर और पड़ेदा की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में गंगालूर की टीम ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और रणनीति के साथ खेलते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पड़ेदा की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम के लिए 10 हजार की नगद पुरस्कार राशि महेश गागड़ा के सौजन्य से तथा उपविजेता टीम के लिए 5 हजार रूपए की राशि पूर्व जिला पंचायत सदस्य बी पुष्पा राव की ओर से सौजन्य भेंट रही।

समापन समारोह में बी गौतम राव ने व्हॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष का प्रोत्साहन संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें युवाओं को खेल के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रेरणा दी गई। इसके पश्चात श्रीमती बी पुष्पा राव द्वारा गंगालूर की टीम को 10 हजार रुपए तथा पड़ेदा की टीम को 5 हजार रूपए की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में गांव के सरपंच, पंच, मुखिया, आयोजन समिति के सदस्य, खेलप्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवाओं में उत्साह और खेल भावना को अति महत्वपूर्ण माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *