दल्ली राजहरा में दर्दनाक हादसा: नाली खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत
बालोद :- जिले के दल्ली राजहरा स्थित डीएवी स्कूल के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार लंबे समय से चल रहे नाली खुदाई कार्य के दौरान अचानक गड्ढे की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर मिट्टी में दब गए। हादसे में तीनों मजदूरों की मौत होने की खबर सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि नाली निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से गहरी खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी धंसने से मजदूर बाहर निकल नहीं पाए और मलबे में दब गए। घटना लगभग आधा घंटे पहले की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई है, जिसे पुलिस द्वारा दूर हटाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है मृत मजदूरों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
