बकावंड में फिर सक्रिय हो गए रेत माफिया, रोज सौ ट्रिप रेत की निकासी



-अर्जुन झा-
बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनियागांव आश्रित ग्राम बेलगांव में फिर धड़ल्ले से रेत खनन और परिवहन का खेल खुलेआम शुरू हो गया है। प्रशासन को रेत माफिया खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं।
बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बानियागांव के आश्रित ग्राम बेलगांव में रेत माफिया द्वारा अवैध रेत खनन का सिलसिला जारी है। आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी के नदी-नालों से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए बड़ी मात्रा से परिवहन किया जा रहा है।प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से ये रेत माफिया भारी भरकम राशि लेकर रेत उपलब्ध करा रहे हैं। बिना पिट पास और रायल्टी अदा किए 700 रूपए में एक ट्रॉली रेत बेच रहे हैं। वहीं मजदूरों को एक ट्रॉली रेत भराई की मजदूरी 300 रूपए ये लोग देते हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, रेत माफियाओं द्वारा ट्रैक्टर चालकों और ग्रामीणों से 1 हजार रुपए प्रति ट्रिप की दर से जबरन वसूली की जा रही है। प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रैक्टर ट्रॉली रेत की अवैध निकासी इन दोनों गांवों की नदियों से की जा रही है। इससे शासन को रॉयल्टी के रूप में लाखों रुपयों के राजस्व का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रेत माफिया प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही कलेक्टर द्वारा अवैध खनन वाले स्थानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *