राहुल लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं, उनके पूर्वजों ने लगाया था आपातकाल : देवलाल ठाकुर

कवर्धा,,,भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में बुधवार को देश के लोकतांत्रिक इतिहास के काले अध्याय माने जाने वाले आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने संबोधित करते हुए आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रमों को याद किया और कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों के दमन का आरोप लगाया।
प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था। उस दौर में संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया l हजारों पत्रकारों को जेल में डाला गया l लाखों लोकतंत्र सेनानियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना और समझना आवश्यक है कि किस प्रकार सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया गया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार केंद्रित पार्टी बनकर रह गई है l जिसका राष्ट्रहित से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता केवल एक परिवार के हितों के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश-विदेश में घूमकर लोकतंत्र के खतरे में होने की बात करते हैं, जबकि उनके पूर्वजों के शासनकाल में ही देश ने आपातकाल जैसी त्रासदी झेली थी। उस समय लाखों लोगों को बिना किसी अपराध के जेलों में बंद किया गया, नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन हुआ और जनता ने अनेक यातनाएं सही थीं। उन्होंने कहा कि वास्तव में लोकतंत्र पर खतरा तब आया था, न कि आज।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी देशभर में आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ को संविधान हत्या दिवस के रूप में मना रही है, ताकि नई पीढ़ी को लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों और बलिदानों से अवगत कराया जा सके। लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए भाजपा ने उनके संघर्षों को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर सिंह बग्गा, जिला उपाध्यक्ष परेटन वर्मा, कृष्ण कुमार वैष्णव, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भुनेश्वर चंद्राकर, जिला कोषाध्यक्ष विक्की अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप व राजू श्रीवास्तव सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *