10 हजार नहीं, अब सिर्फ 5 हजार में नियमित होंगे अवैध नल कनेक्शन


कवर्धा,,,नगर पालिका परिषद कवर्धा ने शहर में वर्षों से संचालित अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने के लिए बड़ी राहत भरी पहल की है। परिषद की बैठक में स्वीकृति के बाद अब 16 अगस्त से 15 अक्टूबर तक विशेष अभियान के तहत अवैध कनेक्शनों का नियमितीकरण किया जायेगा। इसके तहत आवासीय अवैध नल कनेक्शन को मात्र 5 हजार रुपये जमा कर वैध कराया जा सकेगा, जबकि व्यवसायिक नल कनेक्शन के नियमितीकरण के लिए 10 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस विशेष अभियान से एक ओर हजारों उपभोक्ताओं को अपने पुराने अवैध नल कनेक्शन को वैध कराने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

अवैध नल कनेक्शनों का होगा नियमितिकरण-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे नल कनेक्शन संचालित हो रहे हैं, जो नगर पालिका के रिकॉर्ड में विधिवत दर्ज नहीं हैं। इन कनेक्शनों के नियमित नहीं होने से जलकर के राजस्व वसूली पर प्रभाव पड़ रहा है और जलापूर्ति व्यवस्था के उचित प्रबंधन में भी कठिनाई उत्पन्न हो रही है जिसे देखते हुए नगर पालिका परिषद की बैठक में नगरीय क्षेत्रांतर्गत संयोजित सभी अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण को लेकर चर्चा की गई। चर्चा उपरांत परिषद ने शहरवासियों को विशेष अवसर प्रदान करते हुए दो माह की निर्धारित अवधि में कम शुल्क पर अवैध कनेक्शनों को वैध कराने की स्वीकृति सर्वसम्मति से प्रदान की गई।

15 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान-सीएमओ
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर के नागरिकों को राहत देने के साथ ही सभी नल कनेक्शनों को रिकॉर्ड में शामिल कर जलकर वसूली व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाना है उन्होनें बताया कि नगर पालिका परिषद ने 16 अगस्त से 15 अक्टूबर तक निर्धारित विशेष अवधि में ही आवासीय कनेक्शन के लिए 5 हजार रुपये तथा व्यवसायिक कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपये जमा कर नियमितीकरण कराया जा सकेगा। समय-सीमा के उपरांत यदि कोई व्यक्ति अपने अवैध नल कनेक्शन को वैध कराने के लिए आवेदन करता है तो उसे परिषद द्वारा निर्धारित राशि का दोगुना शुल्क जमा करना होगा। अर्थात निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद कनेक्शनों के नियमितीकरण हेतु आवासीय हेतु 10 हजार एवं व्यवसायिक हेतु 20 हजार रू. की राशि देना हेागा।

इन दस्तावेजों के साथ जमा करे आवेदन
परिषद ने समस्त अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने की स्वीकृति के साथ अवैध कनेक्शनों का नियमितिकरण हेतु दस्तावेज जो अनिवार्य है क्रमशः आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्वामित्व दस्तावेज (जहां नल कनेक्शन लगा है जैसे संपत्तिकर/समेकित कर रशीद, पट्टा, स्टाम्प आदि), 50 रू. का स्टाम्प पेपर निर्धारित प्रपत्र में कार्यालय के कक्ष क्रं. 22 में जमा कर एकमुश्त राशि जमा की जा सकती है।

नगर पालिका की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाते हुए 15 अक्टूबर से पहले अपने अवैध नल कनेक्शन का नियमितीकरण करा लें। इससे भविष्य में अधिक शुल्क और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की स्थिति से बचा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *