प्रदेश में वन रक्षक के 1484 पदों पर होगी भर्ती, 13 दिसंबर को लिखित परीक्षा
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं के लिए बड़ी सौगात देते हुए वन विभाग में रिक्त 1484 वनरक्षक पदों की भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 13 दिसंबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। शारीरिक मापदंड एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा सफलता पूर्वक पूर्ण करने वाले 16 हजार 762 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के विशेष प्रयासों और भर्ती प्रक्रिया की सतत समीक्षा के परिणामस्वरूप लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करते हुए लिखित परीक्षा कार्यक्रम को समयबद्ध रूप से अंतिम रूप दिया गया है। मंत्री केदार कश्यप ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि युवाओं के भविष्य से जुड़ी इस भर्ती प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी तरीके से जल्द पूरा किया जाए। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से इस अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं और पूरी लगन के साथ तैयारी में जुटे हैं। हमारी सरकार युवाओं के परिश्रम, सपनों और आकांक्षाओं का सम्मान करती है। हमारा प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी हो और योग्य युवाओं को जल्द से जल्द रोजगार एवं प्रदेश की सेवा का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि वनरक्षक भर्ती केवल रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश की अमूल्य वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा में भागीदारी का अवसर भी है। चयनित युवा अपना भविष्य संवारने के साथ छत्तीसगढ़ के वनों, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के प्रहरी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।
वनरक्षक हैं मजबूत कड़ी
केदार कश्यप ने कहा कि वनरक्षक वन विभाग की मैदानी व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियों में से एक हैं। वनों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण, अवैध कटाई की रोकथाम, वन अपराधों पर नियंत्रण तथा स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विशेष रूप से कभी नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति और विकास का दायरा बढ़ने के साथ वन प्रबंधन एवं संरक्षण गतिविधियों का भी विस्तार हो रहा है। ऐसे में वन विभाग को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा वन क्षेत्रों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वनरक्षकों की नियुक्ति महत्वपूर्ण साबित होगी।
केवल योग्यता को मौका
अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। प्रत्येक योग्य अभ्यर्थी को समान अवसर मिले, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए कोई स्थान नहीं होगा।लिखित परीक्षा का आयोजन निर्धारित मानकों, सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं पारदर्शी प्रक्रियाओं के अनुरूप किया जाएगा।मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि वनरक्षक के 1484 पदों पर नियुक्तियां होने से वन विभाग की मैदानी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जैव विविधता संवर्धन, वन अपराधों की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को नई मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने के लिए प्रतिबद्ध है। 13 दिसंबर को लिखित परीक्षा की तिथि तय होने से 16,762 अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए स्पष्ट समय सीमा मिल गई है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा युवाओं को अवसर और वन संपदा को मजबूत सुरक्षा, इसी संकल्प के साथ वन विभाग की भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
