551 बालिकाओं का पूजन कर दिया सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश

कवर्धा,,, 19 अक्टूबर 2026/ बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत वीर सावरकर भवन, कवर्धा में बालिका सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 551 बालिकाओं का पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया तथा उपहार भेंटकर शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में बालिकाओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके पैर धोए गए, महावर लगाया गया और तिलक लगाकर पूजन किया गया। इसके पश्चात सभी बालिकाओं को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि शर्मा ने प्रत्येक बालिका को उपहार भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बालिकाओं को कॉपी, पेंसिल, रबर, रुमाल और रंगीन पेंसिल सहित उपयोगी सामग्री प्रदान की गई, ताकि वे पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।

बेटियों को समान अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उनकी शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्हें सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के माध्यम से बालिकाओं के प्रति भेदभाव दूर करने, बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि बेटियों का सम्मान केवल किसी विशेष दिन या आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके जीवन के प्रत्येक चरण में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा योजना के अंतर्गत बालिकाओं के सम्मान, संरक्षण, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *