भानपुरी थाना पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर



जगदलपुर। बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को भानपुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो मोटर साईकिलों समेत 1 लाख 31 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की गई है।
बस्तर जिले में चोरी करने वाले लोगों की धर पकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के निर्देशन तथा एसडीओपी भानपुरी संगम राम के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरी थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी खड़ी मोटर साईकिलों और दुकानों से सामान चुराने में माहिर है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो बाइक समेत कुल 1 लाख 31 हजार रुपए का माल बरामद किया गया है।भानपुरी थाने के निरीक्षक हर्षकुमार धुरंधर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कमलेश्वर प्रजापति के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की है। सिंचाई कॉलोनी करंदोला निवासी प्रार्थी शुभम गुप्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अक्टूबर की दरम्यानी रात में उसकी पैशन प्रो मोटर सायकल क्रमांक सीजी 17- केआर 0143 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान भानपुरी एवं आसपास के गांव वालों से चोरी के संबंध में पूछताछ की गई तो पता चला कि करंदोला छेपड़ापारा निवासी सागर कश्यप एक बिना नंबर वाली पैशन प्रो बाइक चला रहा है और उस बाइक का वाईजर टूटा हुआ है। संदेही सागर कश्यप से पूछताछ करने पर गोल मोल जवाब देने लगा, गहनता से पूछताछ करने पर पैशन प्रो मोटर सायकल को सिंचाई कालोनी करंदोला से चोरी करना स्वीकार किया एवं एक अन्य मोटर सायकल बजाज पल्सर क्रमांक सीजी 17 एलई 2588 को कोंडागांव से चोरी करने की बात कबूल की। इसके अलावा उसने भानपुरी के पान ठेला गुमटी से खाने पीने का सामान बिस्किट, चाकलेट, साबुन, लाईटर, बीड़ी एवं गल्ले में रखे नगदी 600 रूपए को भी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से दोनों मोटर सायकलों को बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी सागर कश्यप पिता स्व. शंकर कश्यप उम्र 18 वर्ष जाति गोंड निवासी करंदोला छेपड़ापारा को गिरफ्तार कर आज 29 अक्टूबर को न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *