राजस्व वसूली की सुस्ती पर नगर पालिका सख्त, बकायादारों को दी चेतावनी

कवर्धा,,,नगर पालिका क्षेत्र में राजस्व वसूली की धीमी प्रगति को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने कड़ा रुख अपनाया है। राजस्व वसूली का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए सभी राजस्व टीमों एवं वसूलीकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने राजस्व वसूली की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए वसूली कार्य में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दुकानों का किराया राशि व प्रीमियम राशि जमा नही करने वाले व्यक्तियों का सूची तैयार करते हुए नाम सार्वजनिक करने की तैयारी की जा रही है।

राजस्व वसूली को लेकर समीक्षा
राजस्व वसूली को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने सभी राजस्व टीम व वसूलीकर्ताओं के साथ वर्ष 2026-27 की राजस्व वसूली प्रतिशत को लेकर समीक्षा की। उन्होनें बताया कि संपत्तिकर, समेकितकर, जलकर, दुकानों का किराया राशि, दुकान की बिक्री, प्रीमियम राशि, विज्ञापन होर्डिंग की राशि, यूजर चार्ज सहित अन्य करो की चालू मांग राशि 521.64 लाख में से 244.11 लाख की वसूली हुआ है इसी के साथ बकाया मांग राशि 191.63 लाख में से 58.85 लाख रूपये की वसूली प्राप्त हुआ है उन्होनें बताया कि दुकानों का किराया एवं बकाया प्रीमियम राशि जमा कराये जाने हेतु कार्यवाही शुरू किया जाना है। दुकानों की वसूली में अब तक 119.35 लाख में से 21.06 लाख की वसूली गई है साथ ही पूर्व वर्ष की बकाया मांग राशि 68.01 में से 21.11 लाख रू. की वसूली प्राप्त हुआ है।

बकायादारों की सूची तैयार करने निर्देश
बैठक के दौरान सीएमओ नारायण साहू ने कहा कि नगर पालिका की आय का प्रमुख स्रोत विभिन्न करों एवं अन्य राजस्व मदों से प्राप्त होने वाली राशि है। ऐसे में राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी राजस्व कर्मचारियों एवं वसूलीकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ कार्य करने तथा बकायादारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सूची के आधार पर बकायादारों से प्रतिदिन संपर्क कर उन्हें बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा।

राजस्व वसूली प्रतिशत बढ़ाने प्रयास
सीएमओ ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व वसूली का प्रतिशत बढ़ाने के लिए केवल औपचारिकता निभाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि प्रत्येक बकायादार तक पहुंचकर वसूली के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जिन लोगों पर लंबे समय से कर एवं अन्य राजस्व राशि बकाया है, उनसे प्राथमिकता के आधार पर संपर्क किया जाए और बकाया राशि जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बड़े बकायादारों का नाम सार्वजनिक करने की तैयारी में नगर पालिका
बार-बार सूचना देने और संपर्क करने के बाद भी यदि बकायादारों द्वारा राशि जमा नहीं की जाती है, तो ऐसे बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने राजस्व अमले को कहा कि वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए और सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। सीएमओ नारायण साहू ने राजस्व टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए वसूली अभियान को गति देने तथा नियमित रूप से वसूली की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *