पैरों के दबाव और ध्वनि तरंगों से पैदा होगी बिजली!



अभनपुर। सतत एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए नवाचार, प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षा महाविद्यालय, रायपुर में 12 नवंबर को विज्ञान मेला एवं विज्ञान प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इसमें विज्ञान के विभिन्न उप विषयों पर आधारित अनेक वैज्ञानिक मॉडल एवं नवाचार प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर श्री बजरंग दास शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अभनपुर के विद्यार्थियों केशव कुमार शर्मा एवं खिलेश यादव ने पैरों के दबाव तथा ध्वनि के कंपन से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न करने वाला चलित मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत इस अभिनव मॉडल ने निर्णायकों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस मॉडल का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की संभावनाओं को प्रदर्शित करना है। इसमें पैरों के दबाव से उत्पन्न यांत्रिक ऊर्जा तथा ध्वनि के कंपन से उत्पन्न ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित करने का वैज्ञानिक सिद्धांत प्रदर्शित किया गया है। उत्पादित विद्युत ऊर्जा को उपयुक्त ऊर्जा भंडारण प्रणाली में संग्रहित कर आवश्यकता पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है। बढ़ती ऊर्जा मांग के वर्तमान दौर में यह मॉडल वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है। इसी आयोजन के अंतर्गत आयोजित शिक्षण सहायक सामग्री टीचिंग लर्निंग मटेरियल प्रतियोगिता में विद्यालय की भौतिकी शस्त्र व्याख्याता शशिकिरण साहू ने अपनी प्रभावशाली एवं नवाचार आधारित शिक्षण सहायक सामग्री प्रस्तुत कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह प्रदर्शित किया कि शिक्षण में नवीन तकनीकों एवं रचनात्मक सामग्री का उपयोग विद्यार्थियों के लिए जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल, रोचक एवं सहज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों के मॉडल निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण में मार्गदर्शक शिक्षिका शशिकिरण साहू का महत्वपूर्ण योगदान एवं मार्गदर्शन रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप देकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस प्रकार एक ही आयोजन में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तथा शिक्षिका द्वारा शिक्षण सहायक सामग्री प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। यह उपलब्धि नवाचार आधारित शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रयोगात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है। इसके लिए पूरे विद्यालय परिवार ने शुभकामनाएं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *