बाल अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहे विद्यार्थी


जगदलपुर। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर समझ विकसित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण इकाई, बस्तर द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जगदलपुर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेजस इंग्लिश एवं हिंदी मीडियम करीतगांव में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई की परामर्शदाता रंजीता देवांगन एवं आउटरीच वर्कर ललिता बघेल ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने मिशन वात्सल्य योजना के बारे में बताते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सम्मान और सर्वांगीण विकास का अवसर मिलना चाहिए।विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच के माध्यम से अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान कराई गई। साथ ही लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के कानूनी प्रावधानों, बाल विवाह एवं बाल श्रम के दुष्परिणामों और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। बच्चों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर चुप न रहें, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित बाल संरक्षण संस्थाओं को इसकी जानकारी दें। आवश्यकता पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सहायता भी ली जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि नशे की लत बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित करती है। इस दौरान नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।अंत में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने, बाल श्रम रोकने, नशे से दूर रहने तथा बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। सभी ने ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़’ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ भी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *