धान बेचने के लिए भटक रहे हैं किसान, खरीदी केंद्रों में स्टाफ की कमी: ललित पांडे



जगदलपुर।लोहंडीगुड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ललित पांडे ने क्षेत्र में धान खरीदी की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि धान खरीदी शुरू हुए एक सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन घाटी के नीचे बसे ग्राम बिनता और ककनार के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। बिनता और ककनार धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण किसानों का हजारों क्विंटल धान नहीं बिक पा रहा है। श्री पांडे ने आगे कहा है कि बस्तर जिले के किसान पहले ही चक्रवाती तूफान और बेमौसम बारिश की मार झेल चुके हैं, जिससे हजारों हेक्टेयर में लगी फसल बर्बाद हो गई है। ऐसे कठिन समय में किसानों के पास जो थोड़ी-बहुत उपज बची है, सरकार उसे भी समय पर खरीदने में विफल साबित हो रही है। खरीदी में देरी के कारण पूरे क्षेत्र के किसान आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।



गिरदावरी न होने से परेशानी
कांग्रेस नेता श्री पांडे ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के चलते पटवारियों की हड़ताल हुई, जिससे क्षेत्र में गिरदावली का कार्य भी ठीक से पूरा नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि बिनता और ककनार खरीदी केंद्रों में तत्काल स्टाफ उपलब्ध कर धान खरीदी सुचारू रूप से शुरू की जाए, अन्यथा कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *