चटपल्ली निवासी रमेश गोटा की हत्या में शामिल 6 आरोपी गिरफ्तार, जादू टोना व पुरानी रंजिश के चलते की गई थी हत्या, थाना फरसेगढ़ की कार्यवाही

बीजापुर :- दिनांक 24 सितंबर 2022 को प्रार्थिया ने थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 23 सितंबर 2022 को रात्रि में दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मेरे पति रमेश गोटा को मीटिंग में शामिल होने के लिए बुलाकर ले गए थे और 24 सितंबर को मेरे पति की लाश भटपल्ली चौक पर मिलना बताया था, साथ ही मृतक के सिर, छाती एवं गला में धारदार हथियार से मारने का निशान होना बताया । रिपोर्ट पर थाना फरसेगढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।

विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घटना के सन्दिग्ध चटपल्ली निवासी मुन्ना कुरसम पिता हिरिया कुरसम उम्र 35 वर्ष, मुन्ना मड़कम पिता लखमू मड़कम उम्र 25 वर्ष, राजू कुरसम पिता बोज्जा कुरसम उम्र 28 वर्ष, महेश गोटा पिता पड़गा उम्र 30 वर्ष, बामन पोडियामी पिता आयतु पोडियामी उम्र 25 वर्ष और धनीराम कुरसम पिता हिरिया उम्र 25 वर्ष को निवास ग्राम चटपल्ली से पकड़ा गया । घटना के मुख्य साजिशकर्ता मुन्ना कुरसम से पूछताछ में मुन्ना कुरसम द्वारा बताया गया कि रमेश गोटा द्वारा जादू टोना करने के शक में एवं पुरानी रंजिश के चलते चुचकोन्टा के मांडवी सोमडु एवं गागरू माड़वी व गांव के बामन पोडियामी, राजू कुरसम, महेश गोटा धनीराम कुरसम व मुन्ना मड़कम के साथ मिलकर दिनांक 23 सितंबर 2022 को रात्रि में घर से मीटिंग में जाने के लिए बुलाकर टँगीया व छुरी से सिर, गला व छाती में वार कर हत्या करने की बात बताया । हत्या के लिए चुचकोन्टा से आये दो लोगों ने 20 हजार की मांग की थी, जिसे हत्या के बाद देने की बात हुई थी ।

हत्या में प्रयुक्त आलाजरब टँगीया मुन्ना मड़कम चटपल्ली एवं मुन्ना कुरसम से छुरी बरामद किया गया । घटना में शामिल आरोपीगण द्वारा घटना को माओवादी घटना रंग देने का भरसक प्रयास किया गया । विवेचना के दौरान पंचनामा कार्यवाही में आरोपियों द्वारा सहयोग भी किया गया, किंतु घटना में मिले साक्ष्यों एवं मुखबिरी से मिली जानकारी के आधार पर फरसेगढ़ पुलिस को हत्या के 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली एवं गिरफ्तार मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाजरब बरामद किया गया । घटना के दो अन्य आरोपी चुचकोन्टा निवासी माड़वी सोमडु और गागरू माड़वी घटना के बाद से फरार है, जिनकी पता तलाश की जा रही है ।

घटना में शामिल उक्त आरोपियों के विरुद्ध थाना फरसेगढ़ में वैधानिक कार्यवाही उपरांत न्यायिक रिमांड पर न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *