वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले का सड़क हादसा, चार पुलिसकर्मी और चालक गंभीर

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ रविवार को कोंडागांव जिले में सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घोड़ागांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने मंत्री के वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद कार काफिले के फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घोड़ागांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मंत्री केदार कश्यप का काफिला NH-30 से गुजर रहा था। इसी दौरान घोड़ागांव के पास सामने से आ रही कार अनियंत्रित होकर काफिले के वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद कार फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी। दुर्घटना में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।

चार जवान और चालक घायल

हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

अस्पताल पहुंचकर मंत्री ने जाना हाल

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वन मंत्री केदार कश्यप भी जिला अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल जवानों एवं चालक का हाल जाना। कोंडागांव विधायक लता उसेंडी और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *