राम जी करेंगे कांग्रेस का बेड़ा पार, भाजपा का होगा बंटाढार

जगदलपुर (अर्जुन झा):- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और बस्तर सांसद दीपक बैज ने कर्नाटक की जीत के बाद ही कांग्रेस की महफिल में बजरंगबली की जयकारे लगवा दिए थे। उन्होंने कर्नाटक की जीत को बजरंगबली का आशीर्वाद बताते हुए भाजपा पर भरपूर निशाना साधा था। तब दीपक बैज कांग्रेस के सांसद थे। अब वे बस्तर सांसद होने के साथ साथ छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कमांडर भी हैं तो स्वाभाविक रूप से उनके विचारों का वजन और भी बढ़ गया है। अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि हमारे साथ राम जी भी हैं हनुमानजी भी हैं। हम उन्हें प्रणाम करते हैं। साथ ही साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काम भी है। जिस पर छत्तीसगढ़ की जनता भरोसा करती है। इसलिए हम यह चुनाव बहुमत से जीतेंगे। काम के साथ भगवान की भी अपार कृपा है। हम जनता जनार्दन को प्रणाम करते हैं कि वह काम करने वालों को जीत दिलाये, केवल हिन्दू मुस्लिम, धर्मांतरण को लेकर आपसी सौहार्द बिगाड़ने वालों को सबक सिखाये। दीपक बैज का बयान बता रहा है कि उन्होंने अपने समकक्ष विरोधी अरुण साव को घेरा है, जो एक साल से जातीय समीकरण बैठाने काफी मेहनत कर रहे हैं। साव भी सांसद हैं। उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद सम्हाले अभी 9 अगस्त को एक साल पूरा हुआ है। दीपक बैज को कांग्रेस की जिम्मेदारी ताजा ताजा मिली है। इन दोनों ही पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष का भविष्य तीन महीने बाद होने वाले चुनाव का परिणाम तय करेगा। भाजपा हारी तो साव की छुट्टी और कांग्रेस हारी तो बैज की विदाई। बैज के पास काम ज्यादा और समय कम है। ऊर्जावान युवा हैं तो तिगुनी गति से काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने इसी गतिशीलता के लिए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सत्ता के स्तर की सारी तैयारी तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर रखी है, दीपक बैज को संगठित कांग्रेस को मैदान में उतारने का दायित्व मिला है। जब सत्ता और सत्ताधारी संगठन में समन्वय और जोश हो तो मंजिल आसान हो जाती है। आज के हालात में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के दावे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और जनता में भरोसा बढ़ाने का काम कर रहे हैं। दीपक बैज सबकी बात कर रहे हैं। वे सबको जोड़कर आगे बढ़ने की बात करते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यही काम कर रहे हैं। उन्होंने सबको जोड़ने के जतन किए हैं। वे आदिवासी आस्था के केंद्र देवगुड़ी बनवाते हैं तो राष्ट्रीय रामायण महोत्सव भी करवाते हैं। ऐसा कोई पंथ नहीं है, जहां भूपेश बघेल ने विकास और विश्वास की रोशनी न पहुंचाई हो। दीपक बैज यही उजाला कांग्रेस में फैला रहे हैं। जिस आत्मविश्वास से उन्होंने भगवान के आशीर्वाद और भूपेश बघेल के काम की दम पर फिर से शानदार जीत का दावा किया है, उसका छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जबरदस्त मानसिक प्रभाव पड़ा है। वे सुनिश्चित जीत की ओर बढ़ने का उत्साह महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस को इसी टॉनिक की जरूरत है। दीपक बैज ने किसी कुशल वैद्य की तरह जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही भाजपा की भी नब्ज पकड़ ली है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रामकाज और कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की बजरंगबली की उपासना से छत्तीसगढ़ में भाजपा को गहरा राजनीतिक आघात लगता अनुभव हो रहा है। दीपक बैज ने भाजपा के सारे मुद्दों की तोड़ निकाल कर जनता के सामने पेश कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *