दलपत सागर चौपाटी में खोली जाए पुलिस चौकी: जावेद खान
जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने आज पुलिस अधीक्षक के नाम एडिसनल एसपी सुखनंदन राठौर को ज्ञापन सौंप कर दलपत सागर के नवीन चौपाटी के समीप पुलिस चौकी खोलने की मांग करते हुए रानी गदिया के आसपास से असामाजिक तत्वों को हटाने की मांग की है।
इस दौरान कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर को चौपाटी के आसपास होने वाली गतिविधियों से अवगत कराते हुए बताया कि जगदलपुर नगर निगम द्वारा दलपत सागर के मुख्य द्वार के सामने बनाई गई चौपाटी को दलपत सागर के रानी गदिया के सामने विस्थापित किया गया है, जहां विभिन्न प्रकार के खान-पान की गुमटियां लगाई गई हैं। शहर के नागरिक संध्या काल में सपरिवार उन गुमटियों में विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेने जाते हैं परंतु चौपाटी के आस-पास शहर के युवाओं के अलावा असामाजिक तत्वों की भीड़ लगातार बढ़ रही है जो लगातार वहां हुड़दंग करते हुए बाइक-कार से स्टंट करते हैं और चौपाटी के पास भय का वातावरण उत्पन्न कर रहे हैं। इसके साथ-साथ असमाजिक तत्वों के द्वारा सड़क पर जमघट लगाकर जन्मदिन मनाना, पटाखे फोड़ना, छोटी-छोटी बातों पर आपस में झगड़े करना और राहगी रों को परेशान करने का कार्य भी कर रहे हैं तथा चौपाटी के इर्द-गिर्द युवक युवतियों को खुलेआम नशाखोरी करते देखा जा रहा है जो एक सभ्य समाज और जगदलपुर जैसे शांतिप्रिय शहर के लिए खतरा बन रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के दल के द्वारा चौपाटी में निर्मित हो रही स्थिति को देखते हुए एवं भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना के घटने की आशंका जाहिर की है और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंप कर नगर निगम जगदलपुर द्वारा बनाई गई नवीन चौपाटी के पास एक पुलिस चौकी खोलने की मांग रखी है। साथ ही तत्काल प्रभाव से रानी गदिया के पास पुलिस की 112 गाड़ी को अनिवार्य रूप से खड़ी कर असमाजिक तत्वों पर नजर रखने की मांग की गई है, ताकि जगदलपुर की जनता को उक्त सड़क एवं चौपाटी में स्वच्छ और निर्भिक वातावरण मिल सके। ज्ञापन सौपने के दौरान पार्षद जाहिद हुसैन, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता जावेद खान, युवा कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष अजय बिसाई, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विशाल खंभारी, छात्र नेता नितेश एवं मो. नसीम मौजूद थे।
