जगदलपुर: कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग
जगदलपुर, 10 नवम्बर 2026/ जगदलपुर शहर के गीदम रोड स्थित सूर्या कॉलेज के पास रविवार बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भुवन कबाड़ी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब साढ़े दस बजे बजे पुलिस कंट्रोल रूम को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। चूंकि यह इलाका रिहायशी था, इसलिए खतरे की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने बिना एक पल गंवाए जिले के तीन फायर टेंडर वाहनों को एक साथ घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए तत्काल पानी की बौछारें शुरू कीं। कबाड़ की दुकान में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं और आसपास के रिहायशी मकानों व दुकानों पर भारी तबाही का खतरा मंडरा रहा था। अग्निशमन दल ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग को चारों तरफ से घेरा और कड़ी मशक्कत के बाद उसे पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। दमकल विभाग की इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान को होने से बचा लिया गया।
