आठ लाख की ईनामी महिला नक्सली का समर्पण



एसपी किरण चव्हाण ने श्रीफल, साड़ी भेंट की

जगदलपुर :- नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे प्रभावित होकर 8 लाख की इनामी महिला नक्सली ने एसपी किरण चव्हाण के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। समर्पित महिला नक्सली को प्रोत्साहन राशि, श्रीफल व साड़ी भेंट की गई।
शनिवार को बस्तर संभाग के जिला मुख्यालय सुकमा स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पिछले 17 सालों से सक्रिय व आधा दर्जन बड़ी घटनाओं में शामिल रही 8 लाख की इनामी नक्सली ने आत्मसमर्पण किया।नक्सलवाद उन्मूलन नीति के तहत विश्वास, विकास एवं सुरक्षा की भावना और सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे पुना नर्कोम अभियान नई सुबह, नई शुरूआत से प्रभावित होकर प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलजीए की बटालियन सदस्य के रूप में सक्रिय महिला नक्सली माड़वी मल्ले उर्फ गंगी ने आत्मसमर्पण किया है। माड़वी पर छत्तीसगढ़ शासन ने 8 लाख रूपए का ईनाम घोषित कर रखा था। वह चिंतलनार थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि महिला नक्सली से पूछताछ में नक्सली बटालियन की कार्यप्रणाली एंव संगठन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। यह जानकारी आगामी नक्सल विरोधी अभियानों में मददगार साबित होगी। महिला नक्सली से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि लगातार कैंप निर्माण एवं आपरेशनल कार्यवाहियों से बटालियन सहित सक्रिय नक्सली संगठनों का आधार क्षेत्र कमजोर होता और सिमटता जा रहा है। पिछले कुछ वर्षाे में बटालियन के बहुत से कैडर संगठन छोड़कर भाग चुके हैं। कैडरों में अविश्वास की भावना व्याप्त है। समर्पित महिला नक्सली को प्रोत्साहन राशि दी गई और पुनर्वास नीति का लाभ दिया जाएगा। महिला नक्सली ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, डीएसपी नक्सल ऑप्स रजत नाग सुकमा के समक्ष बिना हथियार आत्मसमर्पण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *