छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज करेगी प्रवेश



दो दिन के अवकाश के बाद 11फरवरी को रायगढ़ प्रवेश

जगदलपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 8 फरवरी को ओड़िशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करेगी। छत्तीसगढ़ की सीमा में रेंगारपाली चेक पोस्ट पर ओड़िशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज को झंडा सौंपेंग। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 9 एवं 10 फरवरी को 2 दिन अवकाश के बाद 11 फरवरी को रायगढ़ जिले के दर्रामुंडा से महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल के लिए रवाना होगी। रात्रि विश्राम भैसमा के शासकीय प्यारेलाल महाविद्यालय के पास होगा। 12 फरवरी को सीतामढ़ी चौक कोरबा से पदयात्रा पुनः शुरू होगी। रात्रि विश्राम सूरजपुर जिले के शिवनगर थाना तारा के पास होगा। 13 फरवरी को सरगुजा जिले के रायगढ़ बस स्टैंड चौक उदयपुर से पदयात्रा प्रारंभ होगी और रात्रि विश्राम बलरामपुर जिले के झींगो में होगा। 14 फरवरी को बलरामपुर के पुराने सर्किट हाउस से पदयात्रा प्रारंभ होगी और यात्रा का समापन बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित छत्तीसगढ़ की सीमा में होगा। इस सीमा पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को ध्वज प्रदान करेंगे।


छ्ग में उत्साह का माहौल – बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक स्वागत होगा। छत्तीसगढ़ के आम नागरिक तथा कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी व यात्रा के स्वागत को लेकर बहुत ही ज्यादा उत्साहित हैं। श्री बैज ने कहा – हम सब प्रसन्न हैं कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ आ रही है। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को मणिपुर से मुंबई तक के सफर के लिए शुरू हुई यह न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरती हुई 6700 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेगी। छत्तीसगढ़ में यह यात्रा राज्य के 7 जिलों से होकर गुजरेगी तथा पांच दिनों में 536 किलोमीटर का सफर राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में पैदल तय करेंगे। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा है कि भुखमरी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, सांप्रदायिक विद्वेष के दौर में राहुल गांधी की न्याय पदयात्रा लोगों के जख्मों पर मरहम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *