जनजातीय गौरव दिवस पर 11 से 18 नवंबर तक भाजपा मनाएगी गौरव सप्ताह, भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

बीजापुर। जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर 2026 तक देशभर के जनजाति बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों एवं मंडलों में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बीजापुर के अटल सदन कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के योगदान तथा भाजपा सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी।

विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में हुए उलगुलान आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी। बिरसा मुंडा ने समाज को कुरीतियों से दूर रहने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। इसी कारण उन्हें धरती आबा के नाम से सम्मानपूर्वक याद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को लंबे समय तक अपेक्षित पहचान नहीं मिली। तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, गोविंद गुरु और अनेक जनजातीय वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इन महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर 2021 को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर भगवान बिरसा मुंडा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक, संग्रहालय, जनजातीय कल्याण योजनाएं और विकास कार्य इस समाज के सम्मान एवं सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। वर्ष 2024 में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे वर्ष जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने जनजातीय समाज के आंकड़ों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक हैं तथा 720 अनुसूचित जनजातियां अधिसूचित हैं। लोकसभा की 47 और देश की विभिन्न विधानसभाओं की 568 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं, सामूहिकता, प्रकृति के प्रति सम्मान और पारंपरिक ज्ञान भारतीय सभ्यता की महत्वपूर्ण पहचान हैं।

चैतराम अटामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनजातीय समाज के सम्मान और विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वर्ष 1999 में पहली बार अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में द्रौपदी मुर्मू देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं। यह पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, जनजातीय महापुरुषों के बलिदान और समाज की गौरवशाली परंपराओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा का उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास को सम्मान दिलाने के साथ ही उनके अधिकार, विकास और स्वाभिमान को और मजबूत करना है।
इस प्रेसवार्ता में सांसद प्रतिनिधि एवं प्रदेश मंत्री एस टी मोर्चा जिलाराम राना, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, प्रदेश योग आयोग समन्वयक नदकिशोर राना, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा प्रवक्ता मथियस कुजुर, जिला मीडिया प्रभारी एवं एस टी मोर्चा जिला प्रभारी प्रताप यादव, एस टी मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप तेलम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी, एस टी मोर्चा जिला महामंत्री जितेंद्र लेकाम, मंडल अध्यक्ष अशोक राव सहित पत्रकार साथी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *