मुकेश चंद्राकर की हत्या पर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने की कड़ी निंदा
दिल्ली। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया बीजापुर के स्वतंत्र पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या की खबर सुनकर स्तब्ध है। पीसीआई ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष गौतम लाहिड़ी, महासचिव नीरज ठाकुर एवं विमेंस प्रेस क्लब की अध्यक्ष पारुल शर्मा ने हत्या की निंदा करते हुए राज्य सरकार से उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि दुख की इस घड़ी में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया परिवार अपने सदस्यों और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। बयान में कहा गया है कि मुकेश चंद्राकर बस्तर जंक्शन नामक एक लोकप्रिय यूट्यूब चैनल चलाते थे, इसके अलावा वे भ्रष्टाचार, आदिवासी अधिकारों और संघर्ष प्रभावित बस्तर में उग्रवादी हिंसा के मुद्दों पर विभिन्न मीडिया घरानों के लिए लिखते और रिपोर्टिंग करते थे। स्थानीय पुलिस के अनुसार 31 वर्षीय पत्रकार, जो 1 जनवरी से लापता थे, उनका शव शुक्रवार को बीजापुर में एक ठेकेदार की प्रॉपर्टी पर स्थित सेप्टिक टैंक में मिला था। बस्तर संभाग से रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों पर हमले और उनकी हत्या कोई नई बात नहीं है, लेकिन जिस तरह से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, वह अस्वीकार्य है और इसे प्रभावी ढंग से लिया जाना चाहिए। राज्य सरकार को पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून बनाने की स्थानीय पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर तुरंत गौर करना चाहिए। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया अगले सप्ताह की शुरुआत में क्लब के परिसर में शोकसभा सह विरोध सभा आयोजित करने की योजना बना रहा है। पत्रकारों, खासकर उन पत्रकारों से अनुरोध है कि वे इसमें शामिल हों जो इस क्षेत्र को कवर कर रहे हैं।
