भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने छत्तीसगढ़वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी

रायपुर :- भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने छत्तीसगढ़वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ व बधाई दी है। श्री देव ने कहा कि 26 जनवरी वही खास दिन है, जब भारत का संविधान लागू हुआ था। यह दिन भारत को एक स्वतंत्र, लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित करने का प्रतीक है। गणतंत्र दिवस भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों का त्योहार है, जो हमें याद दिलाता है कि हम सब बराबर हैं और शासन प्रक्रिया के संचालन में हमारी भी भागीदारी है। यह दिन देश की कई जातियों, संस्कृतियों और धर्मों को एकजुट होने का अवसर देता है। गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान के महत्व की याद दिलाता है, जो हमारे अधिकारों और कर्तव्यों को परिभाषित करता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने अपने संदेश में कहा कि हमारे पूर्वजों ने कड़ी मेहनत और पूरी जिम्मेदारी के साथ संविधान के रूप में सभी नागरिकों की गरिमा और स्वतंत्रता सुनिश्चित करते हुए उनके लिए सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय व समता की राह तैयार की है। भारतीय संविधान द्वारा रखी गई मजबूत आधारशिला का ही परिणाम है कि देश ने आजादी के 77 साल और गणतंत्र के 75 साल पूरे कर लिए हैं। नागरिकों के लोकतंत्र में भरोसे और सक्रिय भागीदारी से ही देश-प्रदेश विकास की राह में आगे बढ़ सकता है। सभी एक हों और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती की दिशा में अपने कदम बढ़ाकर हमें मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दिखाए हुए मार्ग पर चलकर प्रदेश को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना है। श्री देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारत के संविधान को पवित्र ग्रंथ मानकर उसके सम्मान व गौरव की रक्षा करने के लिए प्रतिक्षण तत्पर और प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *