खदान मजदूर संघ किरंदुल ने एनएमडीसी कर्मचारियों के पुनरीक्षित वेतनमान को लेकर उप मुख्यमंत्री शर्मा को दिया ज्ञापन

किरंदुल। श्रमिक हित, उद्योग हित के साथ राष्ट्रहित सर्वोपरि के सूत्र वाक्य के सिद्धांतों पर चलते हुए कार्य करने वाले दुनिया के सबसे बड़े मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध किरंदुल शाखा की खदान मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के दंतेवाड़ा आगमन पर गुरुवार की शाम सर्किट हाउस में उनका स्वागत अभिनंदन करते हुए एनएमडीसी कर्मचारियों के लंबित पुनरीक्षित वेतनमान के संदर्भ में केंद्रीय इस्पात मंत्री से परिचर्चा एवं पत्राचार कर शीघ्र लागू कराने बाबत ज्ञापन सौंपा एवं चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को बताया गया कि एनएमडीसी लिमिटेड के श्रमिकों का पुनरीक्षित वेतनमान 01 जनवरी 2022 से लंबित है। एनएमडीसी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा पुनरीक्षित वेतन समझौते का अनुमोदन उपरांत आगामी कार्रवाई हेतु केंद्रीय इस्पात मंत्रालय प्रेषित किया गया था, किंतु वहां कार्रवाई लंबित थी। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप के संज्ञान में लाने पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री से हमारे श्रम संघ के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक इस्पात भवन नई दिल्ली में आहूत करवाई। सांसद के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 16 जनवरी 2025 को नई दिल्ली में आहूत बैठक में इस्पात मंत्री शीघ्र ही वेतन पुनरीक्षण करवाने का आश्वासन दिया। आगामी कार्रवाई प्रक्रियारत थी। इसी मध्य वित्तीय वर्ष के समापन माह मार्च 2025 में कतिपय श्रम संघों द्वारा बेमुद्दत आंदोलन किया गया, जिससे हमारी परियोजना, निगम एवं राष्ट्र को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा, जिसका हमारे भारतीय मजदूर संघ द्वारा पुरजोर विरोध किया गया। राष्ट्रहित में हमारे समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य इस हड़ताल से दूर रहे तथा हमारे शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन अनुसार अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। कतिपय श्रम संघों द्वारा किए गए आंदोलन की वजह से पुनरीक्षित वेतनमान की जो प्रक्रिया लगभग पूर्ण होने वाली थी, वह पुनः लंबित हो गई तथा इससे हमारे राष्ट्र और निगम को नुकसान भी उठाना पड़ा है। भारतीय मजदूर संघ सदैव ही राष्ट्रहित सर्वोपरि के सिद्धांत पर कार्य करता है, अतः हम अपने कर्तव्य पथ से विचलित नहीं हुए तथा राष्ट्रहित के साथ श्रमिक हित में लंबित पुनरीक्षित वेतनमान को शीघ्र ही लागू करवाने हेतु आवश्यक आगामी कार्रवाई करते हुए इसका निराकरण करवाने बाबत अनुरोध किया गया, जिस पर सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी दिल्ली राव, सचिव महेंद्र कुमार, राजेंद्र यादव, दानेश्वर जोशी, लिशांष सिंह, विराट अवस्थी, उपेंद्र त्रिपाठी, प्रीति दूधी, केसर कोर्राम, मिथुन निहाल सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *