नवरात्र के प्रथम दिन नगर निगम करेगा विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण
जगदलपुर-शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा शहर में विभिन्न विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। महापौर संजय पांडेय एवं समस्त जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्राम एवं सेवा केंद्र के रूप में नगर गुड़ी का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से चांदनी चौक तक नवनिर्मित स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण भी होगा।
नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 6000 लीटर क्षमता के माउंटेन वाटर टैंकर का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही रोड स्वीपिंग में कार्यरत स्वच्छता कर्मचारियों को ट्रॉली डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। इन पहलों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण कार्यों का होगा भूमिपूजन
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा।कुशाभाऊ ठाकरे एवं अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड में नवोदय विद्यालय के हनुमान मंदिर तक 70 लाख 79 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण कराया जाएगा। शिव मंदिर वार्ड में विष्णु जोगी के घर से निरंजन दास के घर तक 12 लाख 81 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य किया जाएगा।
राजेंद्र नगर वार्ड में गंगा मुंडा तालाब के किनारे 6 लाख 92 हजार रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया जाएगा।
छत्रपति शिवाजी वार्ड में शोभा के घर से गंगा के घर तक 9 लाख 96 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण होगा। इसी वार्ड में शिवम एवं राम ध्रुव के घर से राव निषाद के घर तक 9 लाख 95 हजार रुपये की लागत से नाली का निर्माण किया जाएगा।
वहीं, बलिराम कश्यप वार्ड में प्रज्ञा के घर से दिलीप सेठिया के घर तक 9 लाख 67 हजार रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा।
नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन विकास कार्यों का उद्देश्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना, जल निकासी की समस्या का समाधान करना तथा नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
