ओरछा रोड पर पलटी बेकाबू बस, दर्जनों यात्री घायल

जगदलपुर। बस्तर के नारायणपुर जिला मुख्यालय से अबूझमाड़ के ओरछा की ओर जा रही बस्तर ट्रैवल्स की यात्री बस आज दोपहर एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गई। गढ़बेंगाल पुल के पास अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिसमें दर्जनों यात्री घायल हो गए।
बस क्रमांक सीजी 21 एफ 0926 यात्रियों से खचाखच भरी हुई अबूझमाड़ के ओरछा की ओर जा रही थी। बस की तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार अधिक थी, जैसे ही बस पुल के पहुंची अचानक अनियंत्रित होकर पुल के किनारे पलट गई हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मची रही। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नारायणपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई यात्रियों का इलाज जारी है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में तय क्षमता से अधिक यात्री सवार थे, जिससे संतुलन पर असर पड़ा। हादसे की वजह जर्जर सड़क भी है। नारायणपुर से ओरछा तक एकमात्र बस्तर ट्रैवल्स के अलावा अन्य कोई भी बस संचालक की बस नहीं चलती। एकमात्र बस होने की वजह से क्षमता से अधिक यात्री ढोई जाती है। यही कारण हैं आए दिन इस सड़क पर दुर्घटना आम बात हो गई है। प्रशासन को संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *