भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात का श्रवण किया

जगदलपुर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 121 वें संस्करण का प्रसारण आज रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के सभी 48 वार्डों में बूथवार सामूहिक रूप से सुना गया। भारतीय जनता पार्टी ने मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण देखने व सुनने के लिये सभी वार्डों में मुख्य अतिथि व प्रभारी बनाये थे। जहाँ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामान्य जनों के साथ मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकी हमले में मृतकों व उनके परिवार के प्रति दुख प्रकट करते हुये आतंकी हमले के दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्यवाही करने की बात देशवासियों से कही। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मन की बात में बस्तर अंचल के दंतेवाड़ा जिले में संचालित विज्ञान केन्द्र का भी उल्लेख किया और स्थानीय युवाओं, छात्र छात्राओं के लिये उपयोगी साबित हो रहे विज्ञान केन्द्र की सराहना की। प्राकृतिक आपदाओं की समय पूर्व जानकारी के लिये बनाये गये सचेत एप के विषय में भी अवगत कराते हुये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी से इसका लाभ लेने कहा।
भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा ने बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय के निर्देशानुसार मन की बात कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने हेतु सभी वार्डों में मतदान केंद्र अनुसार व्यवस्था बनायी गयी थी। भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने गणमान्य नागरिकों व सामान्य जनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात का प्रसारण सुना।
________________

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *